--
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS-एम्स), भोपाल में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, आयुष के पद पर कार्यरत, डॉ. दानिश जावेद मूल रूप से जौनपुर, उत्तर प्रदेश से ताल्लुक़ रखते हैं। इन्होंने प्राथमिक शिक्षा बलिया, जौनपुर एवं अलीगढ़ से ग्रहण की है। ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, हरिद्वार से आयुर्वेद में स्नातक एवं परास्नातक की उच्च शिक्षा लेने के उपरांत, चौ. ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, दिल्ली में सन २०१० से २०१८ तक क्लीनिकल रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। डॉ. दानिश आयुर्वेद के प्रखर शल्य चिकित्सक भी हैं। इन्होंने आयुर्वेद के क्षेत्र में विभिन्न विषयों पर अनुसन्धान एवं चिकित्सा कार्य भी किया है। अनेकों भाषाओं में अपने व्याख्यान प्रस्तुत कर चुके हैं। निरन्तर आयुर्वेद के विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों को शिक्षण कार्य द्वारा लाभान्वित भी करते रहते हैं। रोगियों के तन की चिकित्सा के साथ-साथ मन की भी चिकित्सा कर उन्हें सम्पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करना अपना कर्तव्य समझते हैं। पिता डॉ. जावेद इस्लाम एवं माता रज़िया जावेद के अच्छे संस्कारों के कारण हिन्दी साहित्य के प्रति बचपन से ही काव्य लेखन के प्रति अत्यंत रूचि रही है। मनुष्य के मन में उत्पन्न हो रहे भावों का चित्रण करना इनकी विशेषता है। योग, दर्शन एवं अध्यात्म के प्रति आरम्भ से लगाव रहा है। प्रकृति के प्रति आकर्षण, सामाजिक कार्य करना, कविताएँ लिखना एवं चिकित्सा कार्य करने में विशेष रूचि रखते हैं।

